रामपुर बुशहर। बालिकाओं और महिलाओं को डिजिटल शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और नेतृत्व कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल (जीबीपीएम) राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर में विशेष पहल की गई। महाविद्यालय के करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल तथा ज्ञान ज्योति स्टडी शिक्षा समिति फाउंडेशन रामपुर बुशहर के संयुक्त तत्वावधान में ‘बालिका डिजिटल सशक्तिकरण कार्यक्रम एवं बालिका नेतृत्व विकास – काबिल बनो मिशन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों से रूबरू करवाया गया।
इस दौरान फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को मिशन के उद्देश्यों, प्रशिक्षण की प्रक्रिया और इसके तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर आत्मनिर्भरता की राह प्रशस्त करना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम के तहत छात्राओं को कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी, डिजिटल साक्षरता, कार्यालय स्वचालन, इंटरनेट एवं डिजिटल कौशल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग, टैली अकाउंटिंग और व्यावहारिक कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही संचार कौशल एवं व्यक्तित्व विकास के लिए अलग प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
मिशन की विशेषता यह है कि प्रशिक्षण के साथ प्रतिभागियों को 30 दिवसीय कार्यस्थल प्रशिक्षण और वास्तविक कार्य अनुभव हासिल करने का अवसर भी मिलेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद साक्षात्कार की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे छात्राओं को रोजगार की संभावनाओं से जुड़ने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का समन्वय महाविद्यालय के करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल की संयोजिका डॉ. शिवाली ठाकुर ने किया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के कौशल विकास, आत्मविश्वास और रोजगारपरक क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रामपुर कॉलेज में बालिकाओं के डिजिटल सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास की पहल, ‘काबिल बनो मिशन’ के तहत छात्राओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण





