रामपुर बुशहर, विशेषर नेगी।
रामपुर के विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मंगलवार को उनके पार्थिव शरीर को रामपुर के सर्किट हाउस में अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के नेता एवं कार्यकर्ता भी अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचे। खास बात यह रही कि नंदलाल के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों ने भी उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें ईमानदार, निष्ठावान और कर्मठ नेता बताया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
नंदलाल की स्वच्छ छवि, सादगी और ईमानदार कार्यशैली के चलते उन्हें राजनीतिक दलों की सीमाओं से ऊपर उठकर सम्मान मिलता था। उनके निधन को रामपुर विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए बड़ी क्षति बताया गया।
पूर्व में नंदलाल के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ चुके कांग्रेस नेता बृजलाल ने कहा कि नंदलाल नेक दिल इंसान थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। उन्होंने कहा कि नंदलाल चार बार रामपुर से विधायक रहे और अपनी स्वच्छ छवि तथा ईमानदार व्यक्तित्व के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनके जाने से क्षेत्र को बड़ा नुकसान हुआ है।
वहीं, पिछले विधानसभा चुनाव में उनके प्रतिद्वंद्वी रहे भाजपा नेता कौल नेगी ने भी नंदलाल को ईमानदार और स्वच्छ छवि का नेता बताया। उन्होंने कहा कि नंदलाल का निधन रामपुर के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रदेश ने एक काबिल और अनुभवी नेता खो दिया है। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
इस दौरान लोगों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की।
रामपुर में विधायक नंदलाल को नम आंखों से दी अंतिम विदाई, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उमड़े लोगकांग्रेस ही नहीं, भाजपा और अन्य दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भी दी भावभीनी श्रद्धांजलि, सभी ने बताया ईमानदार और स्वच्छ छवि का नेता






