नाहन। जिला सिरमौर में नाहन-सराहां-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। दाड़लाघाट से कमरऊ की ओर जा रही बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बोलेरो में कुल 10 लोग सवार थे। मृतक की पहचान काकू (30) के रूप में हुई है। हादसे में उसका छोटा भाई राहुल भी घायल हुआ है। घायलों की आयु 20 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी सवार पुरुष थे और कमरऊ क्षेत्र के खनलोग, पाखा तथा शिलाई के टिकरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।





