मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत खलारड़ के लुकाणू गांव में रास्ते को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में मां-बेटी पर दराट से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हमीरपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम गायत्री देवी (58) अपनी बेटी मधु (30) और दोहते के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते को लेकर रामलाल पुत्र अयोध्या लाल के साथ उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामलाल ने दराट से गायत्री देवी पर हमला कर दिया। मां को बचाने पहुंची मधु भी हमले में घायल हो गई।
घटना के बाद दोनों को सिविल अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हमीरपुर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सरकाघाट में रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, मां-बेटी पर दराट से हमला





