बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब का असर हिमाचल प्रदेश के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 29 से 31 अक्तूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान शिमला, मंडी और सोलन सहित कई क्षेत्रों में बारिश, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं। बता दें कि वीरवार सुबह शिमला में मौसम ने करवट ले ली है। हलकी बूंदाबांदी के साथ बादल छाए हुए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार को छह जिलों और शुक्रवार को पांच जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है। बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने का अनुमान है। एक नवंबर से मौसम साफ रहने की संभावना है।