पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नाचन विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शिरकत की। उन्होंने सभी सफल प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ क्षेत्र के विकास में जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार की अगुवाई में उनका स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं, लेकिन प्रदेश सरकार ने पंचायत चुनाव टालने के लिए हरसंभव हथकंडे अपनाए। उनके अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद ही चुनाव संपन्न हो सके। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में जनता ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पंचायत प्रतिनिधियों को प्रधान पद पर देखना ही नहीं चाहते थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मौजूदा सरकार का मॉडल ‘तालाबंदी’ और राजनीतिक बदले की भावना बन चुका है। चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन विकास के मामले में प्रदेश वहीं खड़ा है, जहां भाजपा सरकार इसे छोड़कर गई थी।
मुख्यमंत्री के हालिया दिल्ली दौरे पर तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ मंत्री मुख्यमंत्री को हटाने और कुछ विधायक खुद को मंत्री बनवाने के लिए दिल्ली गए थे, लेकिन कांग्रेस हाईकमान और राहुल गांधी ने उन्हें मिलने का समय तक नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जनसभाओं में बिना संवैधानिक प्रक्रिया और औपचारिक पत्र के ही मंत्री पद बांटने की घोषणाएं कर देते हैं, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे विधायक निराश हैं।
2027 में भाजपा सरकार बनने का दावा
राजनीतिक आंकड़ों का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी जिले ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन दिया था। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में मंडी की सभी 10 विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में भी भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है और पार्टी वहां कम से कम 12 सीटें जीतेगी।
उन्होंने शिमला और हमीरपुर जिला परिषद चुनावों में भाजपा की जीत का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले और संसदीय क्षेत्रों में भी जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। जयराम ठाकुर ने शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के कब्जे को लोकतंत्र की जीत बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सत्ता के दम पर जनप्रतिनिधियों को डराने और धमकाने की कोशिश की, लेकिन जनता और प्रतिनिधियों ने सुक्खू सरकार के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है। जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक बदले की भावना से भाजपा के 13 विधायकों और पूर्व विधायकों पर झूठी एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं तथा अधिकारियों पर फर्जी मामले बनाने का दबाव डाला जा रहा है।
Source: Read original article
