शिमला। नशे के खिलाफ अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने शोघी के समीप नाकाबंदी के दौरान एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी रामपुर क्षेत्र का रहने वाला है, जिसे पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम शोघी के समीप नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बस को तलाशी के लिए रोका गया। बस में सवार एक युवक की स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान संदीप पुत्र ओम प्रकाश, निवासी रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल हुआ।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, इसकी खरीद-फरोख्त और संभावित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आया था और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क सक्रिय तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
शोघी में बस की चेकिंग के दौरान रामपुर का युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार, चार दिन का पुलिस रिमांड





