चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, घर जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पत्नी ने पति के सिर पर पत्थर से हमला किया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान भरमौर निवासी 58 वर्षीय कुंजलाल पुत्र फिंचा राम के रूप में हुई है। वह खजियार में फोटोग्राफी का काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था। गुरुवार को खजियार पुलिस चौकी के समीप उसका शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर चंबा सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमन चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बुधवार को घर जाने की बात को लेकर कुंजलाल और उसकी पत्नी रजनी के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान रजनी ने पत्थर से कुंजलाल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
जांच के अनुसार, घायल पति को उसी हालत में छोड़कर पत्नी वहां से चली गई। कुंजलाल रातभर पुलिस चौकी के समीप खुले स्थान पर पड़ा रहा। समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी जान चली गई।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फोरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी पत्नी रजनी को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के हिंसक रूप लेने और समय पर घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की गंभीरता को सामने ला दिया है।
रामपुर बुशहर, विशेषर नेगी News Views Post






