रामपुर बुशहर, विशेषर नेगी।
शिमला जिला के रामपुर बुशहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में इस बार विलुप्त हो रहे पारंपरिक अनाजों के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिल रही है। सदियों पुरानी पहाड़ी खेती और खानपान की परंपरा को पुनर्जीवित करने के इस प्रयास में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं। वहीं, पद्मश्री से सम्मानित प्रगतिशील किसान डॉ. नेक राम शर्मा भी इस मुहिम को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला मैदान में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा पारंपरिक पहाड़ी एवं औषधीय गुणों से भरपूर मोटे अनाजों से तैयार किए गए व्यंजनो को लोगों तक पहुंचने की पहल जारी है । इन व्यंजनों के माध्यम से न केवल पुरानी खानपान संस्कृति को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है, बल्कि विलुप्तप्राय अनाजों के महत्व और इनके संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
इस पहल के तहत लोगों को संदेश दिया जा रहा है कि स्वस्थ भविष्य के लिए पारंपरिक खेती व्यवस्था और स्थानीय अनाजों को फिर से अपनाना जरूरी है। आधुनिक खानपान की ओर बढ़ते रुझान के बीच सदियों से पहाड़ी क्षेत्रों में उगाए जाने वाले पुराने अनाजों की खेती को दोबारा बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
इसी कड़ी में पद्मश्री डॉ. नेक राम शर्मा ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को पारंपरिक मोटे अनाजों के बीज वितरित किए। उनका उद्देश्य इन अनाजों की खेती को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना और अधिक से अधिक किसानों एवं महिलाओं को इनके उत्पादन के लिए प्रेरित करना है।
पद्मश्री डॉ. नेक राम शर्मा:
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में इस बार बहुत अच्छी पहल की गई है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विलुप्तप्राय पारंपरिक अनाजों से पकवान तैयार कर लोगों को परोसना और इनके महत्व का प्रचार-प्रसार करना काबिले तारीफ है। मैं भी अपने साथ मोटे अनाज लेकर आया हूं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को इनके बीज वितरित कर रहा हूं, ताकि इन पारंपरिक अनाजों की किस्मों को बचाया जा सके और इनका उत्पादन फिर से बढ़ाया जा सके।
कपिला कश्मीरी, स्वयं सहायता समूह सदस्य, काशापाठ:
हम लवी मेले में ऐसे पारंपरिक पकवान लोगों को परोस रहे हैं, जो धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि इन व्यंजनों के माध्यम से आम लोगों तक पुरानी खानपान परंपरा का महत्व पहुंचाया जाए और लोग समझें कि निरोग जीवन जीने के लिए किस तरह के खाद्य पदार्थों को अपने भोजन में शामिल करना चाहिए। पद्मश्री नेक राम शर्मा ने भी हमें मोटे अनाजों के बीज वितरित किए हैं, ताकि महिलाएं इनकी अधिक से अधिक पैदावार कर सकें और इनका संरक्षण हो सके।
अमरनाथ बुशहरी, खशधार, चिड़गांव:
मैं पिछले करीब 20 वर्षों से रामपुर आकर दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के जैविक अनाज और उत्पाद बेच रहा हूं। पहले लोग हमारे पारंपरिक अनाजों से दूर हट गए थे, लेकिन अब जब लोगों को इनके महत्व की जानकारी मिलने लगी है तो वे फिर से इनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। यह अच्छी बात है कि लोग अपनी पुरानी परंपराओं और पारंपरिक अनाजों को दोबारा अपनाने लगे हैं।
कुल मिलाकर, अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और पद्मश्री नेक राम शर्मा की यह पहल केवल पारंपरिक व्यंजनों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि पहाड़ी कृषि विरासत, जैव विविधता और स्वस्थ खानपान की संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बनकर उभर रही है।


