पत्नी से फोन पर हुई नोकझोंक के बाद एक व्यक्ति ने अपने छह वर्षीय बेटे को रावी नदी में फेंक दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह खुद ही पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर इसकी सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लापता बच्चे की तलाश में पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें रावी नदी में सर्च अभियान चला रही हैं। पुलिस के अनुसार हितेश कुमार (30) पुत्र जयपाल निवासी गांव डभूंई, डाकघर कियाणी सोमवार रात करीब आठ बजे अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था।




दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई। हितेश की पत्नी पिछले करीब एक माह से अपने मायके अमृतसर में साढ़े तीन वर्षीय छोटे बेटे के साथ रह रही है, जबकि छह वर्षीय बड़ा बेटा पिता के साथ परेल में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक बहसबाजी के बाद हितेश अपने बेटे गगनदीप को लेकर परेल पुल के पास पहुंचा और उसे रावी नदी में फेंक दिया। मंगलवार सुबह उसने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। शुरुआत में पुलिस को उसकी बात पर संदेह हुआ, लेकिन मौके पर पहुंचकर जांच की तो बच्चा क्वार्टर से लापता मिला। इसके बाद पुलिस ने हितेश को गिरफ्तार कर लिया और नदी में बच्चे की तलाश शुरू कर दी।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *