तीन दिवसीय बुशहर जूनियर ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में दमखम दिखाएंगे युवा मुक्केबाज, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का मंच
रामपुर बुशहर, विशेषर नेगी।
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में रामपुर बुशहर में 25 से 27 अक्टूबर 2026 तक बुशहर जूनियर ओपन बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। बॉक्सिंग प्रतियोगिता बॉयज़ स्कूल रामपुर में होगी, जहां युवा मुक्केबाज अपनी प्रतिभा, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य रामपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बॉक्सिंग को बढ़ावा देना तथा उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। आयोजकों के अनुसार, खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रयास भी किया जा रहा है।
इस चैंपियनशिप से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता निखारने और भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी अध्यक्ष तिलक राज शर्मा, उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह और सचिव अशोक मेहता संभाल रहे हैं। आयोजन समिति ने युवा खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों से प्रतियोगिता में भाग लेने तथा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के साथ खेलों का यह आयोजन रामपुर में युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।
