राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर ढलियारा के खतरनाक मोड़ों पर रविवार को एक और सड़क हादसा हो गया। सत्संग घर के समीप तारकोल से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि बड़ा जानी नुकसान टल गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक हरियाणा के पानीपत से तारकोल लेकर शाहपुर जा रहा था। ढलियारा के तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक नीचे सत्संग घर के चिल्ड्रन विंग के परिसर में जा गिरा। दुर्घटना के दौरान ट्रक में भरा तारकोल भी परिसर में फैल गया।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय युवा मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल चालक को उपचार के लिए देहरा अस्पताल पहुंचाया गया। ढलियारा के इन खतरनाक मोड़ों पर लगातार हो रहे हादसे सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की जरूरत को फिर उजागर कर रहे हैं।
ढलियारा में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा तारकोल से लदा ट्रक, चालक घायल




