शिमला। नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने अब तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने लोक निर्माण विभाग के सहयोग से चिड़गांव-रोहड़ू मार्ग पर लंबाखाटल के समीप सरकारी भूमि पर बनी पांच अवैध दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया, जबकि एक स्टोर को विभाग ने अपने कब्जे में लिया है।
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने बताया कि यह कार्रवाई कोटखाई थाने में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि इससे पहले 8 अक्तूबर को रोहड़ू में एक नशा तस्कर के अवैध रेस्टोरेंट को भी ध्वस्त किया गया था।
पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 से एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्करों की संपत्तियों की वित्तीय जांच की जा रही है। अब पुलिस का लक्ष्य नशे की खेप पकड़ने के साथ-साथ इस अवैध कारोबार से जुड़ी संपत्तियों पर भी कार्रवाई करना है।





