सितंबर विदा होने की तैयारी में है, लेकिन हिमाचल के पहाड़ों ने जाते-जाते मौसम का ऐसा रंग दिखाया है कि कई इलाकों में लोगों को अक्तूबर-नवंबर की ठंड का एहसास होने लगा है। ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर, निचले इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं ने प्रदेश का मौसम अचानक बदल दिया है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है, जबकि शिमला समेत कई इलाकों में बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। वहीं, मंगलवार को राजधानी शिमला में धूप से पहाड़ चांदी से चमक रहे हैं। बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री तक गिर गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की है। रविवार रात को कल्पा में 18 साल बाद सितंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। 24 सितंबर 2008 को कल्पा में रात का पारा 3.0 डिग्री दर्ज हुआ था। अब यह 4.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
Source: Read original article
