रामपुर बुशहर। विशेषर नेगी।
रामपुर में हिमाचल प्रदेश संयुक्त पेंशनर्स संघर्ष समिति की खंड स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों की लंबित देनदारियों और समिति की 17 सूत्रीय मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश पदाधिकारियों ने कहा कि लंबित भुगतान को लेकर प्रदेशभर में जनजागरण एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष बुद्धि सिंह चौहान ने की। इसमें रामपुर के 14 ब्लॉकों के प्रमुख पदाधिकारियों, रामपुर सिटी यूनिट तथा विभिन्न सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में छठे वेतन आयोग से संबंधित पेंशनरों की लंबित देनदारियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसमें लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, पेंशन एरियर सहित अन्य लंबित भुगतानों को जल्द जारी करने की मांग की गई।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पेंशनरों के मुद्दों को लेकर जनजागरण अभियान का पहला पड़ाव किन्नौर रहा। इसके बाद लाहौल-स्पीति और अब रामपुर में बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लंबित देनदारियों का भुगतान किए जाने और 17 सूत्रीय मांग पत्र पर कार्रवाई को लेकर दबाव बनाया जाएगा।
समिति के प्रदेश महासचिव भूपराम ने कहा कि पेंशनरों की लंबित देनदारियों को लेकर प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी आंदोलन की रणनीति पर 2 अक्टूबर को ठियोग में होने वाले सम्मेलन में निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि लंबित भुगतान के मुद्दे का समाधान नहीं हुआ तो हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में पेंशनर्स विधानसभा के घेराव सहित अन्य आंदोलनात्मक कदमों पर भी विचार किया जा सकता है।
बैठक में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आगामी कार्यक्रमों और आंदोलन की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed