किन्नौर और शिमला की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू, पार्किंग और बसों के पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट भी किए निर्धारित
रामपुर बुशहर, 9 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के आयोजन को देखते हुए रामपुर बुशहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत 11 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 और रामपुर नगर क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही, पार्किंग, बसों के ठहराव तथा लोडिंग-अनलोडिंग को लेकर कई निर्देश लागू रहेंगे।
जारी आदेशों के अनुसार शिमला से किन्नौर और किन्नौर से शिमला की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को, रामपुर बस स्टैंड आने वाली बसों को छोड़कर, सतलुज नदी के दाहिने किनारे स्थित बाईपास मार्ग से वजीर बावड़ी से झाकड़ी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह व्यवस्था 11 से 30 नवंबर तक लागू रहेगी।
नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की पार्किंग पर रोक
आदेश के मुताबिक 11 से 30 नवंबर तक रामपुर बुशहर नगर परिषद क्षेत्र में एनएच-05 के किनारे किसी भी भारी वाहन को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। सभी भारी वाहनों को एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल से आगे झाकड़ी की ओर तथा वजीर बावड़ी से आगे शिमला की ओर निर्धारित स्थानों पर पार्क करना होगा।
चौधरी अड्डा स्थित एम/एस साध राम, रमा नंद की दुकान के पास लोडिंग-अनलोडिंग के लिए एक समय में केवल एक वाहन को अनुमति होगी। यह कार्य रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक पुलिस प्रशासन के निर्देशानुसार किया जा सकेगा।
किन्नौर और शिमला की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था
किन्नौर की ओर जाने वाले वाहन वजीर बावड़ी से खनेरी तक राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 का इस्तेमाल करेंगे। वहीं किन्नौर से आने वाले वाहन पत बंगला जंक्शन से गौरा रोड होकर मेला मैदान के पास एनएच-05 से जुड़ेंगे और पुलिस पोस्ट के समीप दोबारा मुख्य सड़क पर पहुंचेंगे।
फील्ड हॉस्टल (एचपीएसईबीएल) की ओर जाने वाली सड़क पर किसी भी वाहन की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा सतलुज व्यू होटल के सामने, सेफ्ड धांक के पूरे हिस्से तथा लवी मेला ग्राउंड के वेलकम गेट के दोनों ओर 20 मीटर तक दुकानों के लिए कोई स्थान आवंटित नहीं किया जाएगा।
ऑटो और बसों के लिए निर्धारित होंगे पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट
प्रशासन ने ऑटो के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए हैं। खनेरी और डकोलर की ओर जाने वाले ऑटो के लिए बुध मंदिर के पास पिकअप-ड्रॉप की व्यवस्था होगी, जहां एक समय में अधिकतम तीन ऑटो खड़े हो सकेंगे।
चौहाबाग और खनेरी की ओर जाने वाले ऑटो के लिए एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किया गया है। खनेरी से मेला मैदान, बुध मंदिर और डकोलर जाने वाले ऑटो के लिए रामपुर की ओर एनएच-05 पर एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट से 45 मीटर आगे बाईं ओर स्थान तय किया गया है।
डकोलर से आने वाले ऑटो के लिए चौधरी अड्डा स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास तथा डकोलर की ओर जाने वाले ऑटो के लिए रेन शेल्टर/बस स्टॉप के सामने पहले से निर्धारित स्थान पर व्यवस्था रहेगी। इन दोनों स्थानों पर भी एक समय में अधिकतम तीन ऑटो ही खड़े हो सकेंगे।
किन्नौर की ओर जाने वाली बसों के लिए चौधरी अड्डा स्थित राजमहल के सामने निर्धारित स्थान से 30 मीटर आगे तथा एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट पर पिकअप-ड्रॉप की व्यवस्था रहेगी। वहीं शिमला की ओर जाने वाली बसें एचआरटीसी वर्कशॉप डायवर्जन प्वाइंट और चौधरी अड्डा के सामने पहले से निर्धारित बस स्टॉप से यात्रियों को उतारने और बैठाने का कार्य करेंगी।
स्थानीय लोगों के लिए भी निर्धारित किए गए मार्ग
ब्रो, जगातखाना और चट्टी के स्थानीय निवासी मेला मैदान या रामपुर बाजार आने के लिए ब्रो-जगातखाना-चट्टी-चट्टी ब्रिज-एचआरटीसी वर्कशॉप-एनएच-05 मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। यह मार्ग ब्रो की ओर से एचआरटीसी बस स्टैंड तक वन-वे रहेगा।
वापस ब्रो, जगातखाना और चट्टी की ओर जाने वाले स्थानीय लोगों को एनएच-05 से मिनी सचिवालय-ब्रो ब्रिज मार्ग से जाना होगा। हालांकि 11 से 14 नवंबर तक सुबह 8 से 10 बजे और शाम 4 से 6 बजे के बीच पैदल आवाजाही के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान ब्रो की ओर जाने वाले वाहनों को बाजीर बावड़ी होकर जाना होगा।
10 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी वाहनों की गति सीमा
एनएच-05 पर खोपड़ी से चौहाबाग तक वाहनों की अधिकतम गति सीमा 10 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। यह व्यवस्था पैदल चलने वाले लोगों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और दुकानदारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है।
इसके अतिरिक्त 11 से 30 नवंबर तक पत बंगला चौक पर किसी भी प्रकार के वाहन, जिसमें बसें और ऑटो भी शामिल हैं, को रुकने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें, निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें और लवी मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।






