Monday, 9 November 2026
NewsViewsPost Hindi & English Breaking News
ब्रेकिंग
हिमाचल प्रदेश की अंडर‑23 महिला क्रिकेट टीम ने बीसीसीआई ट्रॉफी के लिए 16 सदस्यीय स्क्वाड भाई दूज 11 नवंबर 2026 को, तिलक के शुभ मुहूर्त का विवरण किन्नौर में 12 से 18 नवंबर तक पियो-करछम-शिल्टी मार्ग पर थमेगी वाहनों की रफ्तार, पवारी सड़क से गुजरेंगे वाहन रामपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में पिंजरे में कैद किए दो भालू दिवाली की रात कुल्लू में आतिशबाजी से कई घर, पशुशालाएं और जंगल में आग, लाखों का नुकसान नोग वैली में दो काले भालुओं को पिंजरे में बंद कर ग्रामीणों को मिली राहत धामी के हलोग गांव में दीपावली के बाद पत्थर मेला, रक्त तिलक की प्राचीन परंपरा जीवित सिरमौर के गिरिपार में मशाल जुलूस के साथ अनोखी दीपावली मनाई गई संतुलित और पोषक नाश्ते के विकल्प जो दिन की शुरुआत को बनाते हैं ऊर्जा से भरपूर रामपुर में बिना लाइसेंस पटाखे बेचने पर दुकानदार और सेल्समैन पर FIR, आतिशबाजी का सामान जब्त
हिमाचल

किन्नौर में 12 से 18 नवंबर तक पियो-करछम-शिल्टी मार्ग पर थमेगी वाहनों की रफ्तार, पवारी सड़क से गुजरेंगे वाहन

शेयर करें WhatsApp Facebook X


रिकांगपिओ, 9 नवंबर। किन्नौर जिले में सड़क निर्माण कार्य के चलते पियो-करछम-शिल्टी मार्ग पर एक सप्ताह तक यातायात प्रभावित रहेगा। जिला दंडाधिकारी सोनाक्षी सिंह तोमर ने सुरक्षा के मद्देनजर 12 से 18 नवंबर 2026 तक इस मार्ग के एक हिस्से में प्रतिदिन निर्धारित समय के दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन के अनुसार टोंगटोंचे आर्मी कैंप के समीप टोंगटोंचे मोड़ से दयापुनंग सड़क की ओर कटिंग का कार्य किया जाना है। पहाड़ी की कटिंग के दौरान चट्टानों, पत्थरों और मलबे के सड़क पर गिरने की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
जारी आदेशों के मुताबिक 12 से 18 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित सड़क हिस्से में यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में वाहनों को पवारी सड़क के वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक प्रबंध करने और लोक निर्माण विभाग को सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग के साथ चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कटिंग कार्य की प्रत्येक अवधि समाप्त होने के बाद सड़क का निरीक्षण करना अनिवार्य होगा। पत्थर और मलबा पूरी तरह हटाने तथा मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यातायात बहाल किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बंद अवधि के दौरान एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों और अन्य आवश्यक सेवाओं की सुरक्षित आवाजाही का विशेष ध्यान रखा जाएगा। आदेशों की अवहेलना करने या यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 177 और 179 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारिणी को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

अपनी राय दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *