रामपुर बुशहर। एसजेवीएन के तत्वावधान में रामपुर एचपीएस में इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट 2026-27 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में एसजेवीएन की विभिन्न परियोजनाओं के खिलाड़ी एथलेटिक्स और बैडमिंटन की स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं।
एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ प्रदर्शन करने का संदेश दिया। वहीं, रामपुर एचपीएस के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने भी सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता की शुरुआत पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ और बैडमिंटन में कॉर्पोरेट मुख्यालय व लूहरी परियोजना की टीमों के बीच मुकाबले से हुई। खेलों में दौड़, रिले, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और चक्का फेंक सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। बैडमिंटन में एकल, युगल और मिश्रित युगल मुकाबले होंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों में खेल भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ एसजेवीएन परिवार की एकजुटता को मजबूत करना है।
रामपुर एचपीएस में इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट-2026-27 का आगाज, विभिन्न परियोजनाओं के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम




