नालागढ़, 30 सितंबर।न्यूज़ व्यूज पोस्ट,

बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) औद्योगिक क्षेत्र में जल एवं वायु प्रदूषण, भूजल के अत्यधिक दोहन और अनियोजित औद्योगिकीकरण के विरोध में बुधवार को स्थानीय लोगों ने नालागढ़ उपमंडल मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। विभिन्न स्थानीय संगठनों और संघर्ष समितियों के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अनियोजित और अनियमित औद्योगिक गतिविधियों के कारण जल एवं वायु गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इसका असर मानव स्वास्थ्य के साथ-साथ पशुओं पर भी पड़ रहा है। लोगों ने भूजल स्तर में गिरावट और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव को लेकर भी चिंता जताई।
प्रदर्शन में करीब 30 ग्राम पंचायतों के प्रधानों के अलावा पांच जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्यों की मौजूदगी रही। प्रदर्शनकारियों की ओर से अपनी मांगों और क्षेत्र की पर्यावरणीय समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के नाम ज्ञापन एसडीएम नालागढ़ के माध्यम से सौंपा गया।
कबीरपंथी गुरुद्वारा में आयोजित जनसभा को हिमालय नीति अभियान के समन्वयक गुमान सिंह, हिंदूर पर्यावरण के अध्यक्ष मोहन लाल शर्मा, लुधियाना पब्लिक एक्शन कमेटी के जसकीरत सिंह, मजरा संघर्ष समिति की प्रधान रितु देवी और जिला परिषद सदस्य ज्ञान सिंह ठाकुर ने संबोधित किया। वक्ताओं ने बीबीएन क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरणीय मानकों और स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई।
जनसभा और प्रदर्शन में स्थानीय विधायक बाबा हरदीप सिंह, पूर्व विधायक बी.के. ठाकुर और पूर्व विधायक लखविंदर राणा भी पहुंचे। उन्होंने उपमंडल कार्यालय के बाहर आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण, भूजल संरक्षण तथा औद्योगिक गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण और स्थानीय आबादी के स्वास्थ्य की सुरक्षा को भी समान प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *