हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस मानसून सत्र का शुभारंभ 21 अगस्त को सुबह 11:00 बजे होगा। इस दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय विजेंद्र सिंह तथा राम चंद भाटिया के प्रति शोकोद्गार होंगे। इस सत्र में कुल 10 बैठकें आयोजित की जाएंगी। 27 अगस्त का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है। यह जानकारी बुधवार को पत्रकार वार्ता के दाैरान प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दी। पठानिया ने कहा कि इस वर्ष हम बजट सत्र में 16 बैठकें आयोजित कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस सत्र में सदस्यों से प्रश्नों से संबंधित कुल 1036 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं जिसमें 787 प्रश्न तारांकित तथा 249 प्रश्न अतारांकित हैं। यह सभी सूचनाएं ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई हैं जिन्हें नियमानुसार सरकार को आगामी कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया है। उन्होंने कहा कि माननीय सदस्यों की ओर से प्रश्नों से संबंधित सूचनाएं भेजने का समय पिछले कल 18 अगस्त 2026 को शाम 5:00 बजे समाप्त हो चुका है। इसके अतिरिक्त नियम 62 के तहत 13 सूचनाएं, नियम 63 के तहत 2 सूचनाएं, नियम 101 के अंतर्गत 5 सूचनाएं, नियम 130 के तहत 15 सूचनाएं सदस्यों से प्राप्त हुई हैं। इन सूचनाओं को आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को प्रेषित कर दिया गया है।