हिमाचल प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड में कर्मचारियों का युक्तिकरण किया जाएगा। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अधिकारियों को वास्तविक कार्यात्मक जरूरत के अनुसार कर्मचारियों का युक्तिकरण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उपलब्ध श्रमशक्ति का अधिकतम उपयोग हो और बोर्ड की प्रशासनिक व परिचालन क्षमता बढ़ाई जा सके। बोर्ड ने आम लोगों तक अपने उत्पादों की पहुंच बढ़ाने और बिक्री में इजाफा करने पर भी जोर दिया है। उद्योग मंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को बोर्ड के निदेशक मंडल की 248वीं बैठक हुई। इसमें बताया गया कि वर्ष 2025-26 में बोर्ड ने विभिन्न उत्पादों की 54.84 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की।




यह वर्ष 2024-25 में हुई 39.19 करोड़ रुपये की बिक्री से करीब 39 फीसदी अधिक है। बिक्री से बोर्ड को लगभग 4.50 करोड़ रुपये की आय हुई। बैठक में बोर्ड की संपत्तियों के बेहतर इस्तेमाल का भी फैसला लिया गया। कांगड़ा परिसर में खाली पड़े भवनों और बिक्री केंद्रों के साथ उदयपुर, होली और पूह स्थित ऊन कार्डिंग केंद्रों को किराये पर देने को मंजूरी दी गई है। इससे बोर्ड को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा और उसे आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। वित्त वर्ष 2026-27 में बोर्ड ने विपणन एवं व्यावसायिक गतिविधियों के तहत उत्पादों की बिक्री का 112 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है। जुलाई 2026 तक ही 19.71 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। मंत्री ने बोर्ड की बिक्री में हुई वृद्धि की सराहना करते हुए गतिविधियों को और मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में विशेष सचिव वित्त विजय वर्धन, विशेष सचिव उद्योग सुनील शर्मा, बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कंवर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed