लाला लाजपत राय जिला कारागार धर्मशाला में रविवार दोपहर को कैदियों ने सुरक्षा कर्मियों पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में 11 जेल सुरक्षा कर्मी और चार कैदी घायल हो गए। गंभीर घायल चार जेल कर्मचारियों और एक कैदी को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हमलावर कैदी हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर आपराधिक मामलों में विचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर को जेल परिसर में कैदियों की चिकित्सीय टीम की ओर से नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही थी, उसी दौरान कैदियों और जेल सुरक्षा कर्मियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। इसी बीच तैश में आकर एक कैदी ने अपना सिर खिड़की पर दे मारा, जिससे खिड़की का कांच टूट गया।
कांच टूटने के बाद कैदी ने टूटे शीशे का टुकड़ा उठाकर अपने गले पर रख लिया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। सुरक्षा कर्मी जब उसे बचाने और रोकने के लिए आगे बढ़े तो अन्य कैदी भी उनके साथ भिड़ गए व सुरक्षा कर्मियों पर हमला बोल दिया। इस दौरान कैदी ने खिड़की के टूटे कांच से सुरक्षा कर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में चार सुरक्षा कर्मियों के पेट, चेहरे, बाजू सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर घाव आए। बीच-बचाव और झड़प के दौरान सात अन्य कर्मियों को भी चोटें आई हैं।
धर्मशाला जेल में कैदियों की ओर से मारपीट करने की सूचना मिलते ही धर्मशाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है। – कुलभूषण वर्मा, पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा
Source: Read original article
