हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ सकता है। मौसम विभाग ने 17 और 18 अगस्त को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। 19 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके बाद भी सप्ताह के बाकी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 17 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 18 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 19 अगस्त को भी कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
22 अगस्त तक बारिश का दौर
मौसम विभाग ने 16 से 22 अगस्त तक निचले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी इस अवधि में तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।
प्रदेश के मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में 17 और 18 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में भी इसी अवधि में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मुख्य रूप से हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।
Source: Read original article
