पीओ।न्यूज़ व्यूज पोस्ट,
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भावानगर क्षेत्र के अंतर्गत काफनू के पास एक पिकअप गाड़ी ढांक से नीचे गिरने का मामला सामने आया है। पुलिस को गाड़ी में दो युवकों के सवार होने की सूचना मिली है। घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता न होने के कारण फिलहाल दोनों युवकों और वाहन की स्थिति की पुष्टि नहीं हो पाई है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चौपाल निवासी सुनील कुमार पुत्र श्याम सिंह ने पिछली रात पुलिस थाना भावानगर पहुंचकर अपनी पिकअप गाड़ी नंबर HP 08A 3774 का पता नहीं चलने की मौखिक सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की तस्दीक शुरू की।
तस्दीक के दौरान आज सुबह पता चला कि उक्त पिकअप शेरपा कॉलोनी से आगे काफनू की ओर ढांक में करीब 400 से 500 फीट नीचे गिरी हुई है। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, गाड़ी में दया (37 वर्ष) और उमेश (24 वर्ष), दोनों निवासी चौपाल, के सवार होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, वाहन जिस स्थान पर गिरा है, वहां तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता उपलब्ध नहीं है। इस कारण मौके पर पहुंचकर वाहन और उसमें सवार बताए जा रहे दोनों व्यक्तियों की स्थिति की पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस मौके पर मौजूद है। दोनों युवकों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
