झाकड़ी, विशेषर नेगी। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम के तहत सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
राजकीय माध्यमिक पाठशाला कोटला में पेंटिंग व पोस्टर निर्माण तथा महात्मा गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कोटला में वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही का संदेश दिया।
इस दौरान एसजेवीएन के उप महाप्रबंधक अमरीश कपूर और वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। अमरीश कपूर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को मजबूत राष्ट्र की नींव बताया। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
