रामपुर बुशहर, विशेषर नेगी,
शिमला जिला के रामपुर बुशहर उपमंडल के सराहन में रविवार को हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। मां भीमाकाली मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक हिमाचल के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाला जननेता बताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने करीब पांच दशक तक प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और प्रदेशवासियों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की राजनीतिक पाठशाला से अनेक विधायक, सांसद और नेता निकले, जिन्होंने प्रदेश की राजनीति और विकास में योगदान दिया
मुकेश अग्निहोत्री, उपमुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश ने कहा
“वीरभद्र सिंह केवल रामपुर या रोहड़ू के नेता नहीं थे, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश में उनकी स्वीकार्यता थी। उनकी विरासत और जनसेवा को हमेशा याद रखा जाएगा।”
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूरा हिमाचल प्रदेश वीरभद्र सिंह की कर्मस्थली रहा है। उन्होंने कहा कि मां भीमाकाली के प्रति वीरभद्र सिंह की गहरी आस्था थी और अष्टमी के अवसर पर सराहन पहुंचना उनकी परंपरा का हिस्सा रहा। उनकी जन्मस्थली सराहन में प्रतिमा का अनावरण उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
विक्रमादित्य सिंह, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने कहा
“वीरभद्र सिंह को किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं किया जा सकता। पूरा हिमाचल उनकी कर्मस्थली रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रदेश के हर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया। हमारा प्रयास रहेगा कि उनकी सोच और विकास की विरासत को आगे बढ़ाते हुए रामपुर सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जाए।”
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए। उन्होंने ‘सर्वत्र हिमाचल, सर्वत्र विकास’ की भावना को याद करते हुए कहा कि महान नेताओं के आदर्शों को आगे बढ़ाना सभी का दायित्व है। वहीं पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने वीरभद्र सिंह को युगपुरुष बताते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के उनके प्रयासों को हमेशा याद रखा जाएगा।
पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं के योगदान का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. वाई.एस. परमार से लेकर वीरभद्र सिंह तक कई नेताओं ने हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई
इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षेत्र में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से सड़क उन्नयन के कार्य चल रहे हैं। उन्होंने झाकड़ी के ब्रॉनी खड्ड पर पुल निर्माण के लिए 127 करोड़ रुपये की स्वीकृति को भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।समारोह में पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि वीरभद्र सिंह की जनसेवा, दूरदर्शी सोच और विकास की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा के अनावरण अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विदित चौधरी , विधायक कुलदीप राठौर, विधायक आर एस बाली, रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्रागटा, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, पूर्व मन्त्री कौल सिंह, राम लाल ठाकुर, कुलदीप सिंह राठौर, नीरज भारती आदि मौजूद रहे.
