सलूणी-लंगेरा मार्ग पर शालियूंड मोड़ के पास हादसा, गंभीर हालत में सास और तीन वर्षीय बेटे को मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया
चंबा, विशेष संवाददाता।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सलूणी-लंगेरा मार्ग पर शालियूंड मोड़ के समीप एक टाटा पंच कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 33 वर्षीय पुनीता देवी की जान चली गई, जबकि उनके पति, सास और दो मासूम बच्चे घायल हो गए।
एक ही परिवार के पांच लोग थे कार में सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार (HP 81-4131) में सलूणी तहसील के बणी (भंडडा) गांव का एक परिवार सफर कर रहा था। हादसे में पुनीता देवी (33), उनके पति हरिंद्र कुमार (38), सास रेखा देवी (56), तीन वर्षीय बेटा समर्थ और बेटी सान्वी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने पुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल रेखा देवी और मासूम समर्थ को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार किया गया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार किन परिस्थितियों में सड़क से फिसलकर खाई में गिरी।
एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *