स्वतंत्रता दिवस को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के बीच अब प्रदेश के स्कूलों में 17 अगस्त को अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के निहारी में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव  के दौरान यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों के चलते विद्यार्थियों और शिक्षकों को 17 अगस्त को छुट्टी दी जाएगी।  शिक्षा निदेशालय ने कुछ दिन पहले आदेश जारी कर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों को 15 अगस्त को सामान्य रूप से खुला रखने के निर्देश दिए थे।


आदेशों में कहा गया था कि स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाए। इसके साथ ही जिला, उपमंडल और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले समारोहों में विद्यार्थियों और स्कूलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए थे। जिला उपनिदेशकों को अपने-अपने जिलों के सभी सरकारी स्कूलों को स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा गया था। मुख्यमंत्री की घोषणा से प्रदेशभर के विद्यार्थियों और शिक्षकों को 15 अगस्त के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद अगले कार्यदिवस पर अवकाश मिल सकेगा।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed