रामपुर, न्यूज़ व्यूज पोस्ट,

29 सितंबर 2026। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रामपुर एचपीएस की ओर से बाजीर बावड़ी स्थित बायो-डायवर्सिटी पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह गतिविधि विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का हिस्सा रही, जो 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।
रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में आयोजित अभियान में परियोजना के कर्मचारियों के साथ आवेरी महिला मंडल की महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान पार्क परिसर के अलावा आसपास के क्षेत्र में सफाई कर जगह-जगह बिखरे कचरे और प्लास्टिक अपशिष्ट को एकत्र किया गया तथा उसे निर्धारित कचरा प्रबंधन स्थल तक पहुंचाया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यटन स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ जैव-विविधता एवं प्राकृतिक क्षेत्रों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। महिला मंडल की सदस्यों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जूट के थैलों से दिया प्लास्टिक कम करने का संदेश
स्वच्छता अभियान के बाद आवेरी महिला मंडल की महिलाओं को जूट के थैले वितरित किए गए। इसके माध्यम से एकल उपयोग वाले प्लास्टिक और प्लास्टिक थैलों के इस्तेमाल को कम करने तथा रोजमर्रा के जीवन में दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें स्थानीय लोगों, पर्यटकों और संबंधित संस्थानों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने लोगों से सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने और प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यटन स्थल क्षेत्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन की दिशा में भी योगदान देते हैं। दैनिक जीवन में स्वच्छता को आदत बनाकर प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने में सभी अपनी भूमिका निभा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed