किन्नौर। हिमालयाज़ बेकन, कोलकाता की 12 सदस्यीय टीम का माउंट लियो पार्गिल-II अभियान खराब मौसम के चलते बीच में रोकना पड़ा। अभियान के दौरान अत्यधिक ठंड, भारी बर्फबारी और व्हाइटआउट की स्थिति के बीच टीम ने सुरक्षित नीचे उतरकर राहत की सांस ली।
टीम 14 सितंबर को कोलकाता से रवाना होकर 16 सितंबर को नाको पहुंची थी। नाको प्रवास के दौरान सदस्यों ने स्थानीय दो स्कूलों का दौरा कर बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की। इसके बाद 17 सितंबर को टीम अभियान के लिए आगे बढ़ी और 21 सितंबर को बेस कैंप पहुंची।
25 सितंबर की मध्यरात्रि करीब टीम ने शिखर आरोहण शुरू किया, लेकिन चढ़ाई के दौरान एक सदस्य में हाई एल्टीट्यूड सिकनेस के लक्षण दिखाई देने पर शिखर प्रयास रोकना पड़ा। इसी दौरान मौसम तेजी से खराब हो गया और रातभर लगातार बर्फबारी होती रही। क्षेत्र में तापमान करीब माइनस 14 से माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।


बर्फबारी के बीच नीचे उतरते समय घने बादलों और व्हाइटआउट के कारण रास्ता पहचानना बेहद मुश्किल हो गया। टीम के कुछ वरिष्ठ सदस्य भी तबीयत खराब होने के कारण प्रभावित हुए। स्थिति को देखते हुए ITBP, पुलिस और स्थानीय लोगों से सहायता मांगी गई।
संयुक्त प्रयासों से टीम के सदस्यों को कठिन इलाके से सुरक्षित नीचे लाया गया और करीब रात 8:30 बजे सभी 12 सदस्य सुरक्षित निचले क्षेत्र में पहुंच गए।
खराब मौसम और सदस्यों की सुरक्षा को देखते हुए अभियान का शिखर प्रयास आगे नहीं बढ़ाया जा सका। हिमालयाज़ बेकन ने कठिन परिस्थितियों में सहयोग के लिए ITBP, पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed