रामपुर बुशहर। जी.बी. पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर में आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप 2026-27 में राजकीय महाविद्यालय ऊना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने दमखम दिखाया।
23 से 25 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
क्वार्टर फाइनल में दिखा कड़ा मुकाबला
प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में राजकीय महाविद्यालय सीमा ने गौतम कॉलेज हमीरपुर को 2-1 से हराया। वहीं राजकीय महाविद्यालय नेरवा ने राजकीय महाविद्यालय चंबा को 3-0, ऊना कॉलेज ने राजकीय महाविद्यालय सरस्वती नगर, सावड़ा को 3-0 तथा पीजी सेंटर शिमला ने मेजबान राजकीय महाविद्यालय रामपुर को 3-1 से पराजित किया।
सेमीफाइनल में ऊना और नेरवा का दबदबा रहा। राजकीय महाविद्यालय ऊना ने पीजी सेंटर शिमला को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में राजकीय महाविद्यालय नेरवा ने राजकीय महाविद्यालय सीमा को 3-1 से मात दी।
फाइनल में ऊना ने नेरवा को 3-1 से हराया
चैंपियनशिप के फाइनल में राजकीय महाविद्यालय ऊना और राजकीय महाविद्यालय नेरवा की टीमें आमने-सामने रहीं। दोनों टीमों के बीच मुकाबला रोमांचक रहा, लेकिन ऊना की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए नेरवा को 3-1 से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
राजकीय महाविद्यालय नेरवा को उपविजेता का स्थान मिला, जबकि तीसरे स्थान के मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय सीमा ने पीजी सेंटर शिमला को 3-0 से हराकर कांस्य स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों को किया सम्मानित
25 सितंबर को आयोजित समापन समारोह में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरिंदर नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक डॉ. रमेश चौहान, असिस्टेंट डायरेक्टर यूथ एंड अफेयर्स डॉ. शमशेर, महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. जी. आर. ठाकुर, सहायक आयुक्त-सह-खंड विकास अधिकारी रामपुर अंकुश कुमार और पीटीए सदस्य लोक राज सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के आयोजन में आयोजन सचिव डॉ. विद्या बंधु नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय राज्य खेल परिषद के उपाध्यक्ष भी हैं। शारीरिक शिक्षा विभाग के जुगराज, असिस्टेंट इन फिजिकल एजुकेशन, सहित अन्य कर्मचारियों के सहयोग से प्रतियोगिता के मुकाबले और व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं।
महाविद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले विश्वविद्यालय अधिकारियों, अतिथियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
