छह वर्षीय मासूम को रावी नदी में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार बेटे को लेकर उसके पिता का दर्द और गुस्सा सामने आया है। आरोपी के पिता 57 वर्षीय जयपाल ने कहा कि बेटे ने ऐसा जघन्य काम किया है तो वह उसकी जमानत करवाने के बारे में सोच भी नहीं सकते। उन्होंने कहा, “मेरे पोते को रावी में फेंकने वाले अपने कपूत की न जमानत करवाई है और न ही करवाऊंगा।”
फफक-फफक कर रोते हुए जयपाल ने कहा कि पोते के बिना घर सूना हो गया है। उसकी आवाज सुनने के लिए परिवार तरस गया है। उन्होंने आशंका जताई कि संभव है कि उनके बेटे ने बच्चे को नदी में धक्का दे दिया हो। उन्होंने कहा कि अगर बेटे को चौराहे पर खड़ा कर दिया जाए और उनके हाथ में बंदूक हो तो वह खुद उसे गोली मार देंगे।
लंबे समय से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद
जयपाल के अनुसार, उनके बेटे और बहू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने बहू पर झगड़ालू व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चे को पढ़ाते समय भी कथित तौर पर उसकी पिटाई की जाती थी। दादा-दादी के रोकने पर घर में विवाद हो जाता था। उनका आरोप है कि बहू अपनी सास से भी बहस करती थी और कई बार मारपीट पर उतारू हो जाती थी।
उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को बहू ने मायके जाने की जिद की थी। पति ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बाद में जाने की बात कही, जिस पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद बहू ने मायके पक्ष के लोगों को बुला लिया। सुबह उसकी मां, भाई समेत अन्य लोग घर पहुंचे। जयपाल के अनुसार, इस दौरान कथित तौर पर धक्का-मुक्की भी हुई। बुजुर्ग सास की तबीयत बिगड़ने पर उसे एंबुलेंस से उपचार के लिए भेजा गया। बाद में मामला महिला थाने तक पहुंचा।
Source: Read original article
