ऊना। जिला ऊना में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने कलरूही स्थित एक निजी होटल के कमरे में दबिश देकर 13.12 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और करीब 36 सिरिंज बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्तूबर 2026 को निरीक्षक विपन शर्मा, प्रभारी पुलिस थाना अंब के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर होटल के एक कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैड के ऊपर रखे पिट्ठू बैग से 36 सिरिंज और 13.12 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में सागर चौधरी, निवासी वार्ड नंबर-2, कुनेरन, तहसील घनारी और मुकेश कुमार, निवासी वार्ड नंबर-3, लोअर भंजाल, तहसील घनारी, जिला ऊना को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब बरामद नशे के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस द्वारा मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed