केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 5 अक्तूबर को बिलासपुर पहुंचेंगे। वह 6 अक्तूबर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जारी टूर प्रोग्राम के अनुसार वह 5 अक्तूबर को दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए बिलासपुर पहुंचेंगे और विजयपुर में रात्रि ठहराव करेंगे। प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने बताया कि नड्डा 5 अक्तूबर को शाम 4:20 बजे पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे।
शाम 5:00 बजे वह एयर इंडिया की उड़ान से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। शाम 6:00 बजे चंडीगढ़ पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से बिलासपुर के विजयपुर के लिए रवाना होंगे। रात करीब 9:00 बजे उनके विजयपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां रात्रि ठहराव के बाद अगले दिन सुबह वह एम्स बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। 6 अक्तूबर को केंद्रीय मंत्री सुबह 9:40 बजे विजयपुर से सड़क मार्ग से एम्स बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। सुबह करीब 10:25 बजे एम्स पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद सुबह 10:35 बजे से दोपहर एक बजे तक वह एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
Source: Read original article
