दिल्ली में बढ़ते मामलों के बीच अब हिमाचल प्रदेश में भी स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। कांगड़ा जिले के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज (टांडा) में बुधवार को स्वाइन फ्लू के चार मामले सामने आए हैं। यह संक्रमण छोटे बच्चों और बुजुर्गों में पाया गया है, जिससे अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। टांडा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि अस्पताल में कुल आठ सैंपलों की जांच की गई थी, जिनमें से चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
संक्रमितों में कांगड़ा जिले के सात माह और एक वर्ष के दो मासूम बच्चों के अलावा चंबा जिले के 72 और 85 वर्ष के दो बुजुर्ग शामिल हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सर्दी, जुकाम, बुखार या गले में खराश जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत मास्क लगाएं, भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचें और बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल में जाकर जांच करवाएं। गाैरतलब है कि इससे पहले आईजीएमसी शिमला में एक संदिग्ध मामला सामने आया था। हालांकि, उसकी स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
Source: Read original article
