हरियाणा रोडवेज की बस में डिब्बे के अंदर जिंदा कछुआ लेकर सफर कर रही एक महिला को अंब में पुलिस ने पकड़ लिया। महिला कछुए को ले जाने से संबंधित कोई दस्तावेज या अनुमति पत्र पुलिस के सामने पेश नहीं कर सकी। पुलिस ने कछुए को कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार हरियाणा रोडवेज के चालक सुधीर कुमार ने थाना अंब में शिकायत दी थी। चालक ने बताया कि बस दिल्ली से बैजनाथ की ओर जा रही थी। 30 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे बस अंब स्थित गौतम ढाबे पर रुकी थी। इसी दौरान एक महिला बस से नीचे उतरी। चालक की नजर महिला के हाथ में मौजूद एक डिब्बे पर पड़ी।

डिब्बा खोलने पर मिला जिंदा कछुआ

चालक के अनुसार डिब्बे के अंदर जिंदा कछुआ था। जब उसने महिला से कछुए को ले जाने संबंधी दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगा तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद चालक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर अंब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को कछुए समेत कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कछुए को भी अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

धर्मशाला में धार्मिक गुरु को देने की बात

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में महिला ने बताया कि वह कछुए को धर्मशाला के एक धार्मिक गुरु को भेंट करने के लिए ले जा रही थी। हालांकि, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कछुआ महिला के पास कहां से आया और उसे वास्तव में किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed