शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में 15-16 अगस्त को दो गुटों के बीच हुए विवाद और आपसी झड़प के मामलों में शिमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग अभियोगों में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अभियोग संख्या 115/2026 में तीन तथा अभियोग संख्या 117/2026 में दो आरोपी शामिल हैं। इसके साथ ही ठियोग घटनाक्रम से जुड़े तीनों अभियोगों में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस थाना ठियोग में दर्ज अभियोग संख्या 115/2026 के तहत राज कुमार उर्फ आशू कांड़गिया, रजत झाल्टा और रितिक शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में विक्रांत शर्मा, किंशुक शर्मा, वंश शर्मा और भवानी वर्मा उर्फ सन्नी छिब्बर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। तीन नई गिरफ्तारियों के साथ इस मामले में अब तक सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। तीनों आरोपियों को ठियोग के न्यायालय में पेश किया जाएगा।
अभियोग 117 में दो और गिरफ्तार
वहीं, पुलिस थाना ठियोग में दर्ज अभियोग संख्या 117/2026 में आशीष उर्फ आशू और वरुण चंदेल को 1 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में इससे पहले नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। दो और गिरफ्तारियों के बाद इस अभियोग में अब तक कुल 11 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। दोनों आरोपियों को भी न्यायालय में पेश किया जाएगा। शिमला पुलिस के अनुसार इन मामलों की जांच निष्पक्ष और तथ्यपरक तरीके से जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था में व्यवधान, हिंसा, हथियारों के दुरुपयोग और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले कृत्यों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Source: Read original article
