रामपुर बुशहर के नोग घाटी क्षेत्र में हुए एचआरटीसी बस हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने आवाज उठाई है। नोग युवक मंडल और विभिन्न संगठनों ने तहसीलदार के माध्यम से एसडीएम रामपुर को ज्ञापन सौंपकर हादसे की निष्पक्ष जांच और असुरक्षित बसों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की।
युवक मंडल के अध्यक्ष डैनी कायर्थ ने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों और बस की तकनीकी स्थिति की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। ग्रामीणों ने दुर्घटना संभावित सड़कों पर क्रैश बैरियर लगाने, गड्ढों की मरम्मत करने, सुरक्षा संकेतक स्थापित करने और हादसे में मृतकों के परिजनों व घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से जनसुरक्षा के मद्देनजर समयबद्ध कार्रवाई करने की अपील की।
