शिमला, 29 सितंबर। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने गहरा शोक व्यक्त किया है। 87 वर्षीय मनकोटिया का मंगलवार सुबह कांगड़ा जिले में निधन हुआ। उनके निधन को प्रदेश के सार्वजनिक जीवन के लिए बड़ी क्षति बताया गया है।
केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, सांसद अनुराग ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मेजर मनकोटिया का जीवन राष्ट्रसेवा और जनसेवा का संगम रहा। राजनीति में आने से पहले उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में देश की सेवा की। सैन्य जीवन से मिले अनुशासन और स्पष्टवादिता की झलक उनके लंबे राजनीतिक जीवन में भी दिखाई दी।
मेजर मनकोटिया ने कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का पांच बार प्रतिनिधित्व किया और प्रदेश सरकार में दो बार मंत्री रहते हुए पर्यटन, नागरिक उड्डयन और कानून जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाले। करीब चार दशक के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने विभिन्न राजनीतिक मंचों पर सक्रिय भूमिका निभाई।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सेना में रहते हुए देश और जनप्रतिनिधि के रूप में हिमाचल की सेवा के लिए मेजर मनकोटिया का योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
डॉ. राजीव बिंदल ने उन्हें स्पष्टवादी, निर्भीक और अनुभवी जननेता बताते हुए कहा कि सैनिक से लेकर मंत्री तक उन्होंने अपना जीवन राष्ट्र और प्रदेश की सेवा में समर्पित किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मेजर मनकोटिया ने सैनिक और राजनेता दोनों भूमिकाओं में देश व प्रदेश की सेवा की। शाहपुर और कांगड़ा क्षेत्र से उनका लंबे समय तक जुड़ाव रहा और उनका बेबाक व्यक्तित्व सदैव स्मरण किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed