सिरमौर। न्यूज़ व्यूज पोस्ट,

पांवटा साहिब के व्यस्त विश्वकर्मा चौक पर मंगलवार तड़के एक व्यक्ति की हत्या से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुई, जब अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर उसका गला रेत दिया।
मृतक की पहचान भाव सिंह पुत्र सही राम, निवासी गांव आवत, डाकघर कोटी उतरू, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भाव सिंह किसी काम से पांवटा साहिब आया था। इसी दौरान विश्वकर्मा चौक के समीप अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सड़क पर खून से लथपथ व्यक्ति को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पांवटा साहिब थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही वारदात से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
इस हत्याकांड के बाद पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक और आसपास के क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *