
रामपुर बुशहर: न्यूज़ व्यूज पोस्ट,
विकास खण्ड रामपुर बुशहर की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों की बैठक में पंचायतों से जुड़ी समस्याओं और प्रशासनिक चुनौतियों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रधानों ने पंचायतों के हितों एवं समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रधान परिषद् का सर्वसम्मति से गठन किया।
परिषद् में कृष्ण गोपाल को अध्यक्ष, राजकान्ता शर्मा को उपाध्यक्ष तथा अश्वनी शर्मा को सचिव चुना गया। नई कार्यकारिणी का कार्यकाल एक वर्ष रहेगा।
बैठक में प्रधानों ने विभागीय समन्वय, विकास कार्यों की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन, वित्तीय व तकनीकी मामलों सहित पंचायतों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। निर्णय लिया गया कि इन समस्याओं को परिषद् के माध्यम से प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी प्रधानों का आभार जताते हुए कहा कि परिषद् पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ ग्रामीण विकास और जनहित के मुद्दों को प्रभावी मंच पर उठाने का प्रयास करेगी।
बैठक में होशियार मेहता, उषा नेगी, संदीपा, सोहन पांगटू, रचना भंडारी, सुषमा, हेम राज, सुनीता, शारदा, रविकांत, वीना, अनु पौंड, गुडू टेगटा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान उपस्थित रहे।
