रामपुर बुशहर। विशेषर नेगी।
पीएम श्री राजमाता शांति देवी मेमोरियल राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तकलेच में आयोजित 14 वर्ष से कम आयु वर्ग की जिला स्तरीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में रामपुर सहित जिले के 20 खंडों से कुल 692 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्यातिथि तथा हिमाचल प्रदेश सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंद लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यातिथि ने मार्च पास्ट की सलामी ली और दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
पाठशाला के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नेक राम चौहान ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि नंद लाल को भी टोपी, मफलर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान ने प्रतियोगिता के दौरान आयोजित खेल गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों तथा विजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
स्कूल को वाद्य यंत्रों के लिए 50 हजार, डंगों के लिए 10 लाख की घोषणा
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने पाठशाला प्रबंधन को वाद्य यंत्र खरीदने के लिए 50 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय की ओर से रखी गई सीबीएसई में शामिल करने की मांग को लेकर आगामी नए स्कूलों में इसे शामिल करने का आश्वासन भी दिया।
इसके साथ ही विद्यालय के डंगों के निर्माण/कार्य के लिए पहली किश्त के रूप में 10 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्कूल प्रबंधन समिति, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह का मंच संचालन नंदलाल शर्मा ने किया। इस दौरान सहायक निदेशक खेल अजय पांटा, तकनीकी सहायक खेल सुरेंद्र शर्मा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, ब्लॉक कांग्रेस रामपुर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, महासचिव राजीव ठाकुर, राजपूत कल्याण बोर्ड सदस्य अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, कैलाश फेडरेशन हिमाचल के निदेशक त्रिलोक भलूनी, पूर्व चेयरमैन ब्रिज लाल, पर्यटन विभाग के निदेशक यशपाल सोनी, ग्रीवेंस कमेटी सदस्य राजेश लारजू, एचपीएमसी निदेशक भूपेश धीमान, जिला परिषद सदस्य रोनी राणा एवं अनुराधा सफेल, ग्राम पंचायत तकलेच के प्रधान सुनील कायथ, कांग्रेस जोन अध्यक्ष शिव राज डोरटा, बाहली के उपप्रधान सोनू भलूनी, पूर्व प्रधान डी.डी., युवा कांग्रेस जोन तकलेच अध्यक्ष पूजित शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष राकेश सानी, एडीपीओ शिमला राजेश चौहान, जिला खेल प्रभारी जवाहर शर्मा, कमलेश रोष्टा सहित पाठशाला के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *