शिमला, अक्तूबर 2026। न्यूज़ व्यूज पोस्ट,
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), क्षेत्र संकार्य प्रभाग, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अक्तूबर 2026 के दौरान हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अनेक सामाजिक और आर्थिक सर्वेक्षण संचालित किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों का उद्देश्य देश की सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित विश्वसनीय आंकड़े एकत्र करना है, जिनका उपयोग केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा नीतियों एवं विकास कार्यक्रमों के निर्माण में किया जाता है।
कार्यालय के अनुसार अक्तूबर माह में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस), असमाविष्ट क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (असुसे), राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (एनएचआईएस), उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस), कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण (एसएएस), प्रवास सर्वेक्षण (एमपीएस) तथा समाविष्ट सेवा क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसआईएसएसई) का क्षेत्रीय कार्य किया जाएगा।
एनएसओ ने बताया कि सर्वेक्षण कार्य प्रशिक्षित अधिकारियों द्वारा सुरक्षित डिजिटल उपकरणों एवं अधिकृत वेब पोर्टलों के माध्यम से किया जाएगा। सर्वेक्षणों के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों की पहचान किसी भी रिपोर्ट अथवा प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाएगी।
अक्तूबर माह में राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण राजगढ़ के खनियुर नरमेला, किन्नौर के निगुलसरी तथा सुन्नी शहरी क्षेत्र में किया जाएगा। वहीं, प्रवास सर्वेक्षण नोहराधार के तनदियोरा, निगुलसरी, सोलन तथा शिमला शहरी क्षेत्रों में संचालित होगा। अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण का कार्य शिमला शहरी क्षेत्र में किया जाएगा।
कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण किन्नौर के यांगपा, रोहरू के कंडा तथा पांवटा साहिब के मिश्रवाला में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त असमाविष्ट क्षेत्र के उद्यमों का सर्वेक्षण प्रदेश के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित होगा, जबकि आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण सोलन, पच्छाद, सुन्नी, बद्दी, पांवटा साहिब और जुब्बल क्षेत्रों में किया जाएगा।
इसके साथ ही कृषि सर्वेक्षण के अंतर्गत फसल कटाई प्रयोगों का निरीक्षण शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में किया जाएगा। मूल्य संग्रहण योजनाओं के तहत काजा, किलबा, रामपुर, शिमला, गढ़खल, बठेद, नालागढ़ और पांवटा साहिब में आंकड़े एकत्र किए जाएंगे, जबकि नगरीय ढांचा सर्वेक्षण बद्दी नगर में आयोजित होगा।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने सभी चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से सर्वेक्षण अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने और पूर्ण सहयोग देने की अपील की है। कार्यालय का कहना है कि जनसहयोग से ही विश्वसनीय आंकड़ों का संकलन संभव हो सकेगा, जो देश के समग्र विकास और बेहतर नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह जानकारी दिवान चन्द ठाकुर, सहायक निदेशक एवं कार्यालय अध्यक्ष ने दी।
