शिमला, 26 नवंबर। भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने हिमाचल प्रदेश में स्टाम्प ड्यूटी की दरों में भारी बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आवश्यक कानूनी दस्तावेजों की स्टाम्प ड्यूटी 10 से 30 गुना तक बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल दिया है।
जमवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के समय 10 रुपये का शपथपत्र अब 100 रुपये का हो गया है। इसी तरह सामान्य करारनामे की फीस 50 से बढ़ाकर 1,000 रुपये, एक कार्य के मुख्तारनामे की 100 से 3,000 रुपये और सामान्य मुख्तारनामे की दर 150 से 4,000 रुपये कर दी गई है।
उन्होंने पड़ोसी उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सामान्य शपथपत्र की स्टाम्प ड्यूटी 10 रुपये है, जबकि हिमाचल में इसके लिए 100 रुपये वसूले जा रहे हैं। सरकार बताए कि इस दस गुना अंतर का क्या औचित्य है।
जमवाल ने कहा कि शपथपत्र, करारनामे और मुख्तारनामे किसानों, बागवानों, विद्यार्थियों व व्यापारियों की आवश्यकताओं से जुड़े दस्तावेज हैं। इनकी दरों में बढ़ोतरी से आम नागरिकों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने मांग की कि सरकार उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा की दरों का तुलनात्मक विवरण सार्वजनिक करे और आवश्यक कानूनी दस्तावेजों पर बढ़ाई गई स्टाम्प ड्यूटी वापस लेकर पुरानी दरें बहाल करे।
क्विज़ लोड हो रहा है…






