कांगड़ा | विशेष रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आबकारी एवं कराधान विभाग ने अवैध शराब से जुड़े मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए भवारना यूनिट के अंतर्गत आने वाले 16 शराब ठेकों को सील कर दिया है। मंगलवार शाम शुरू हुई इस कार्रवाई में विभाग की पांच टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर ठेकों को बंद करवाया। विभाग ने संबंधित ठेकों के लाइसेंस भी रद्द कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, विभागीय टीमों ने शाम करीब चार बजे फेटा बाजार, लोअर बस अड्डा, मनसिंबल और पुन्नर समेत विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी संबंधित ठेकों पर सील लगा दी गई। देर रात तक विभाग की कार्रवाई जारी रही।
भीखाशाह में बरामदगी के बाद जांच ने पकड़ी रफ्तार
इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि में करीब दो सप्ताह पहले सामने आया मामला बताया जा रहा है। उस दौरान जिला कांगड़ा और हमीरपुर की आबकारी टीमों ने भवारना के समीप भीखाशाह में एक परिसर से अवैध शराब की पेटियां, स्टीकर और अन्य संबंधित सामग्री बरामद की थी। इस मामले में मिली जानकारी के आधार पर आबकारी एवं कराधान विभाग ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान आबकारी अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन सामने आने के बाद विभाग ने भवारना यूनिट के अंतर्गत आने वाले 16 ठेकों के खिलाफ कार्रवाई की। इससे पहले पंचरुखी क्षेत्र में शराब से भरी एक जीप पकड़े जाने का मामला भी सामने आया था। इसके बाद से विभाग की टीमें शराब के कारोबार से संबंधित गतिविधियों की जांच में जुटी हुई थीं।
अब दोबारा होगी ठेकों की नीलामी
आबकारी एवं कराधान विभाग कांगड़ा के असिस्टेंट कमिश्नर विनोद खन्ना ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के उल्लंघन के चलते संबंधित शराब ठेकों को सील करने के साथ उनके लाइसेंस रद्द किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई के बाद अब इन ठेकों की दोबारा नीलामी की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने और आबकारी नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *