रामपुर। न्यूज़ व्यूज पोस्ट,
किन्नौर सीमा से सटे बधाल वन बीट के जंगल में रविवार शाम एक भालू ने गुज्जर युवक पर जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। हमले में युवक के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे शिमला रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार तकलेज पंचायत के दर्शाल निवासी रहमत अली पुत्र नूर अली रविवार शाम अपने ससुराल वालों से मिलने जा रहे थे। उनके ससुराल वाले गर्मियों के दौरान भैंसों के साथ किन्नौर सीमा के सरखूंड नामक कंडे में गए हुए हैं। शाम करीब पांच बजे रहमत अली अकेले बधाल बीट के जंगल से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया।
भालू ने युवक के चेहरे को बुरी तरह नोच डाला। रहमत अली किसी तरह भालू के चंगुल से निकलने में कामयाब रहे। इसके बाद वह मोबाइल सिग्नल वाली जगह तक पहुंचे और मुश्किल से अपने रिश्तेदारों को फोन कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए पहले सराहन ले गए। इसके बाद उसे महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे शिमला रेफर कर दिया।
रहमत अली के रिश्तेदारों ने प्रदेश सरकार और वन विभाग से घायल युवक को फौरी आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि रहमत अली की आर्थिक स्थिति कमजोर है और वह अपने इलाज का खर्च उठाने में सक्षम नहीं है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में भालू के आतंक को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी गुहार लगाई है।
