चौपाल क्षेत्र में रविवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कलूण-सलाणा-झीना सड़क पर पलाईश नामक स्थान के पास हुआ। यहां एक टाटा नेक्सॉन कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसा रविवार पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे हुआ। दुर्घटना के समय वाहन में केवल एक युवक सवार था। मृतक की पहचान सुमित किमटा पुत्र नरेंद्र किमटा, निवासी गांव कलूण, डाकघर चम्बी, तहसील चौपाल, जिला शिमला के रूप में हुई है।

खाई में गिरने से मौके पर मौत

कार के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर थाना चौपाल की पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया।

हादसा कैसे हुआ, जांच जारी

फिलहाल कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किन परिस्थितियों में सड़क से नीचे खाई में गिरा। पुलिस ने मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत

एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। प्रशासन की ओर से हादसे से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *