रामपुर बुशहर। विशेषर नेगी।
शिमला जिला के ननखड़ी क्षेत्र में दशहरा उत्सव के अवसर पर 18 से 20 अक्टूबर तक ‘ननखड़ी महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का आयोजन आर्यावर्त एजुकेशनल वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी रामपुर की ओर से किया जा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान पंचायत स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों को सम्मानजनक पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों के लगेंगे स्टॉल
ननखड़ी महोत्सव के दौरान ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से उनके स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री और प्रचार-प्रसार के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाया जाएगा।
नशे के खिलाफ भी चलेगा जागरूकता अभियान
आयोजकों के अनुसार महोत्सव का एक प्रमुख उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना भी है। खेल गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता को एक साथ जोड़कर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।
आर्यावर्त एजुकेशनल वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी रामपुर के अध्यक्ष प्रदीप दड़ेल ने कहा कि ननखड़ी महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
ननखड़ी में 18 से 20 अक्टूबर तक होगा ‘ननखड़ी महोत्सव’, खेल प्रतिभाओं और ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा मंच
