रामपुर बुशहर। हिंदू समाज के लिए कार्य करने वाले विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल की जयंती के अवसर पर रविवार को रामपुर के ठाकुर श्री सत्यनारायण मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्व हिंदू परिषद हिमाचल और ठाकुर श्री सत्यनारायण मंदिर न्यास की ओर से किया गया।
इस अवसर पर अशोक सिंघल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। मंदिर परिसर और धर्मशाला के कमरों में भी उनके चित्र लगाए गए। विश्व हिंदू परिषद की ओर से 27 सितंबर 2026 से आगामी एक वर्ष को अशोक सिंघल की जयंती वर्ष के रूप में मनाने की जानकारी दी गई। इस दौरान देशभर में सामाजिक समरसता और सद्भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रामपुर में भी आगामी वर्ष के दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मुख्य कार्यक्रम रामपुर नगर में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में ठाकुर श्री सत्यनारायण मंदिर न्यास के अध्यक्ष अश्वनी सोनी और महामंत्री विनय शर्मा ने अशोक सिंघल के जीवन, उनके सामाजिक कार्यों और हिंदू समाज के लिए किए गए योगदान के बारे में जानकारी साझा की।
इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के जिला पदाधिकारी तथा ठाकुर श्री सत्यनारायण मंदिर न्यास के सदस्य मौजूद रहे।
