सांगला। किन्नौर जिले के सांगला क्षेत्र की रूपिन घाटी में भारी बर्फबारी के बीच करीब 2,500 भेड़-बकरियों का झुंड फंसने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इनमें से करीब 250 भेड़-बकरियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त सूचना के मुताबिक, थाना प्रभारी सांगला (SHO) से इस संबंध में जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी की है। फंसे हुए पशुओं और चरवाहे तक पहुंचने के लिए पुलिस तथा होमगार्ड जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) को घटनास्थल की ओर रवाना किया जा रहा है।
भारी बर्फबारी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव दल के सामने चुनौती बनी हुई है। फिलहाल मौके पर पहुंचने के बाद ही पशुओं की वास्तविक स्थिति और नुकसान का विस्तृत आकलन हो सकेगा।
नोट: यह खबर प्रारंभिक प्राप्त सूचना पर आधारित है। पशुओं की मौत की संख्या की आधिकारिक पुष्टि राहत एवं बचाव दल के मौके पर पहुंचने के बाद हो सकेगी।
